सीतापुर। यूपी के सीतापुर जिले के पिसावां थाना क्षेत्र के सैदापुर गांव में रविवार की सुबह एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे में फंदे पर लटकता हुआ पाया गया। विवाहिता की शादी पांच माह पूर्व हुई थी। मृतका के मायके वालों ने दहेज की मांग पूरी न कर पाने के चलते ससुराल वालों पर बेटी की हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है।
सैदापुर गांव निवासी सरस्वती (23) पत्नी मुनेश्वर प्रसाद का शव कमरे में छत के कुंडे से फंदे पर लटका हुआ मिला। मृतका का मायका पिसावां थाना क्षेत्र के नवगवां गांव में है। मृतका के पिता शिव सागर वर्मा ने थाने में तहरीर देते हुए आरोप लगाया कि उनकी बेटी की शादी पांच माह पूर्व 13 मई को सैदापुर निवासी रामजन के बेटे मुनेश्वर उर्फ गोलू के साथ हुई थी। शादी में उन्होंने अपनी हैसियत के अनुसार दहेज दिया था, लेकिन ससुराल वाले बाइक और सोने की चैन की अतिरिक्त मांग कर रहे थे।
देने से इनकार किया, तो सरस्वती की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई और फिर शव को फंदे से लटका दिया गया। रविवार की सुबह गांव के लोगों ने मायके पक्ष को मामले की सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंचे मायके पक्ष को ससुराल के सभी सदस्य घर से गायब मिले।
घटना की जानकारी पर पुलिस व फॉरेंसिक टीम और मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को नीचे उतरवाकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। थाना प्रभारी पिसावां वीरेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर पति, सास, ससुर, जेठ, जेठानी सहित कुल सात लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है








