पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दुर्गापुर में एक निजी मेडिकल छात्रा से गैंगरेप के आरोप के मामले पर कहा है कि यह घटना “चिंताजनक और स्तब्ध करने वाली” है, लेकिन कॉलेज प्रशासन को भी छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए.
ममता बनर्जी ने कहा, “यह एक निजी कॉलेज है. तीन हफ़्ते पहले ओडिशा के समुद्र तट पर तीन लड़कियों के साथ बलात्कार हुआ था. ओडिशा सरकार वहां क्या कार्रवाई कर रही है? यह लड़की एक निजी मेडिकल कॉलेज में पढ़ती थी. वह रात 12:30 बजे कैसे बाहर आई? जहां तक मुझे जानकारी है, यह घटना जंगल वाले क्षेत्र में हुई. मुझे नहीं पता वहां क्या हुआ, जांच जारी है.”
ममता बनर्जी ने कहा, “लड़कियों को अपनी सुरक्षा के प्रति सतर्क रहना चाहिए और रात में कॉलेज से बाहर नहीं जाना चाहिए.”
उन्होंने कहा, “वह इलाक़ा जंगल के पास है. पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है. किसी को छोड़ा नहीं जाएगा. तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है और दोषियों को कड़ी सज़ा दी जाएगी.”
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह की घटनाएं “किसी भी राज्य में निंदनीय हैं.”
उन्होंने कहा, “ऐसी वारदातें मणिपुर, उत्तर प्रदेश, बिहार और ओडिशा में भी हुई हैं. वहां भी सरकारों को सख़्त क़दम उठाने चाहिए. हमारे राज्य में हमने एक-दो महीने में चार्जशीट दायर की और अदालत ने दोषियों को फांसी की सज़ा सुनाई.”
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि निजी मेडिकल कॉलेजों को अपने छात्रों, ख़ासकर छात्राओं की सुरक्षा पर ध्यान देना चाहिए. उन्होंने यह भी दोहराया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों को “कड़ी से कड़ी सज़ा” दी जाएगी.
पुलिस ने बताया कि मेडिकल छात्रा का बयान दर्ज कर लिया गया है और एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं.








