अफ़ग़ानिस्तान-पाकिस्तान सीमा पर गोलीबारी, क़हर और सऊदी अरब ने दी ये सलाह

0
20

पाकिस्तान-अफ़ग़ानिस्तान सीमा पर शनिवार देर रात गोलीबारी हुई, जब अफ़ग़ान तालिबान ने पाकिस्तानी सीमा चौकियों पर हमला किया. यह घटना इस हफ़्ते काबुल में हुए ज़ोरदार धमाकों के बाद हुई है.

तालिबान के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान जारी कर इन धमाकों के लिए पाकिस्तान को ज़िम्मेदार ठहराया था और पाकिस्तानी सेना को ‘परिणाम भुगतने’ की चेतावनी दी थी. हालांकि, पाकिस्तान ने इस पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया था.

समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने दोनों देशों के सुरक्षा अधिकारियों के हवाले से कहा है कि शनिवार रात सीमा पर कई स्थानों पर भीषण झड़पें हुई हैं. पाकिस्तानी सुरक्षा अधिकारियों ने कहा कि वे अफ़ग़ानिस्तान के ‘बिना उकसावे’ के की गई गोलीबारी का ‘पूरी ताकत’ से जवाब दे रहे हैं. उन्होंने बताया कि सीमा पर छह से अधिक स्थानों पर गोलीबारी हुई है.

तालिबान बलों ने दावा किया कि उन्होंने पाकिस्तान की तीन सीमा चौकियों पर कब्जा कर लिया है. वहीं, पाकिस्तानी सुरक्षा अधिकारियों ने कहा कि उनकी सेना ने अफ़ग़ानिस्तान की कई चौकियों को नष्ट कर दिया है.