महासमुंद। राजधानी रायपुर के हृदय स्थल पर छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा को असामाजिक तत्वों द्वारा तोड़े जाने की घटना की कड़ी निंदा करते हुए भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के जिला सहसंयोजक देवेंद्र चंद्राकर ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग सरकार से की है। देवेंद्र ने कहा कि यह प्रतिमा सिर्फ पत्थर का टुकड़ा नहीं, हमारे सम्मान, हमारी संस्कृति का केंद्र बिंदु है। प्रदेश में लगातार बाहरी लोगों की आमद बढ़ती जा रही है। प्रशासनिक उदासीनता के चलते अवैध तत्वों पर कार्रवाई नहीं हो पा रही है। आज राजधानी में हमारी आस्था की प्रतीक छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा को तोड़े जाने की घटना भी इसी का परिणाम है। भाजपा की सरकार छत्तीसगढ़ सहित सभी प्रदेशों के संस्कृति, पर्वों को सम्मान देने वाली सरकार है। छठ पूजा पर्व के सम्मान में भोजपुरी समाज के आस्था का सम्मान करते हुए प्रदेश सरकार ने शासकीय अवकाश घोषित किया है। ऐसे सुशासन की सरकार में बाहरी असामाजिक तत्वों द्वारा प्रतिमा तोड़ने की घटना निंदनीय है। यह घटना प्रशासनिक लापरवाही का परिचायक है। शासन के निर्देश के बाद भी प्रशासनिक अधिकारी मनमानी कर रहे हैं। पुलिस पेट््रोलिंग के अभाव में यह घटना हुई। यदि लगातार गश्त होता तो इस घटना नहीं होती। एक आरोपी को पकड़ने की सूचना मिल रही है, लेकिन, यह नाकाफी।है। इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो इसका ध्यान रखना आवश्यक है। देवेंद्र ने कहा कि सरकार की छवि धूमिल करने की साजिश के तहत इस तरह के वारदातों को बाहरी लोगों द्वारा अंजाम दिया जा रहा है। उन्होंने मांग की है कि पूरे प्रदेश सहित छत्तीसगढ़ के समस्त जिलों के शहरी क्षेत्रों में बाहरी लोगों का वेरिफिकेशन होना चाहिए। प्रदेश सहित महासमुंद शहर में भी नयापारा, सुभाष नगर जैसे इलाकों में बाहरी लोगों की संख्या बढ़ रही है। नयापारा के अटल आवास में तो बाहरी लोगों की पूरी तरह कब्जा हो चुका है। नगर पालिका प्रशासन तथा पुलिस प्रशासन का इस ओर ध्यान नहीं है। शहर में चोरी, चाकूबाजी, मारपीट जैसे घटनाओं में वृद्धि हो रही है। इसका कारण भी ये बाहरी लोग ही हैं। सोरिद रोड तथा दलदली रोड में रात में आवागमन करने वालों से ये बाहरी तत्व लूटमार जैसे घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। यदि शीघ्र ही समय रहते इन पर कार्रवाई नहीं हुई तो महासमुंद शहर एक बड़ा क्राइम जोन बनकर उभरेगा, जिसका जिम्मेदार स्थानीय प्रशासन रहेगा।








