जननायक की उपाधि चुरा रही कांग्रेस, RJD; कर्पूरी का नाम लेकर राहुल, तेजस्वी पर बरसे मोदी

0
17

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव को महागठबंधन के नेताओं द्वारा ‘जननायक’ बताने पर तीखा हमला बोला है और कहा कि ये हजारों करोड़ रुपये के घोटालों में जमानत पर चल रहे लोग हैं, जिनकी चोरी की आदत ऐसी है कि अब जननायक की उपाधि की चोरी करने में जुटे हैं। बता दें कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी नेता कर्पूरी ठाकुर को आम तौर पर जननायक कर्पूरी ठाकुर के नाम से याद किया जाता है। राहुल गांधी को कांग्रेस के नेता पदयात्रा के दौरान जननायक कहने लगे थे, जबकि बिहार में वोटर अधिकार यात्रा के दौरान सांसद पप्पू यादव ने तेजस्वी यादव को जननायक बताया था। पूर्व पीएम चंद्रशेखर को भी जननायक कहा जाता है और बलिया में इसी नाम से एक यूनिवर्सिटी भी है।

कर्पूरी ठाकुर के जिले समस्तीपुर से बिहार चुनाव के लिए अपनी रैलियों की शुरुआत करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि वो जननायक कर्पूरी ठाकुर की प्रेरणा से सुशासन को समृद्धि में बदल रहे हैं, लेकिन दूसरी तरफ राजद और कांग्रेस वाले क्या कर रहे हैं और क्या कह रहे हैं, ये लोगों को पता है। उन्होंने कहा- “ये हजारों करोड़ रुपए के घोटालों में जमानत पर चल रहे लोग हैं। जो जमानत पर हैं, वो चोरी के मामले में जमानत पर है। इनकी चोरी की आदत ऐसी है कि अब जननायक की उपाधि की चोरी करने में जुटे हैं। बिहार के लोग जननायक कर्पूरी बाबू का ये अपमान कभी नहीं सहेंगे।”

पैसा मिलता रहे, इसलिए एनडीए सरकार जरूरी; ये जननायक की उपाधि चुरा रहे: मोदी

पीएम मोदी की आज बिहार में दो जनसभा है। समस्तीपुर के बाद वो पड़ोस के बेगूसराय जिले में एक रैली को संबोधित करेंगे। पीएम की जनसभा में सीएम नीतीश कुमार के अलावा केंद्र और राज्य सरकार के कई मंत्री भी मौजूद थे। पीएम ने समस्तीपुर की जनसभा में एनडीए सरकार के काम का लेखा-जोखा दिया और कहा कि 14 नवंबर को फिर बिहार में एनडीए सरकार बनेगी और जीत का रिकॉर्ड टूटेगा।