करणी कृपा पावर प्लांट की समस्याएं दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है,त्रिपक्षीय वार्ता हो जिसमें प्लांट प्रबंधन, प्रशासन और आंदोलनकारी तीनों पक्ष द्वारा मिलकर सभी समस्याओं का समाधान निकाला जाए

0
61

महासमुन्द। तुमगांव स्थित मां करणी कृपा पावर प्लांट की समस्याएं दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है एवं प्लांट में दुर्घटनाओं की संख्या भी बढ़ रही है, साथ ही साथ प्लांट के प्रदूषण के कारण लोग आक्रोशित हैं और आंदोलन कर रहे हैं, जिससे तनाव की स्थिति निर्मित हो रही है। इस संदर्भ में पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा ने विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि एक त्रिपक्षीय वार्ता हो जिसमें प्लांट प्रबंधन, प्रशासन और आंदोलनकारी तीनों पक्ष द्वारा मिलकर सभी समस्याओं का समाधान निकाला जाए। इस त्रिपक्षीय वार्ता में प्रबंधन, प्रशासन और आंदोलनकारी तीनों पक्ष प्लांट में सुरक्षा संबंधी, प्रदूषण संबंधी, मुआवजा संबंधी और अन्य जो भी समस्याएं हैं, उन सभी पर विचार विमर्श करें और सभी समस्याओं का समाधान करें। डॉ. चोपड़ा ने कहा कि रोजगार के लिए क्षेत्र में उद्योग भी जरूरी है और क्षेत्र में प्रदूषण मुक्त वातावरण भी जरूरी है परंतु प्लांट में प्रदूषण के कारण लोग आंदोलन कर रहे हैं इससे तनाव की स्थिति बन रही है, जिसके कारण क्षेत्र में औद्योगिक अशांति फैली हुई है। अतः प्लांट प्रबंधन को आवश्यक रूप से प्लांट में प्रदूषण और सुरक्षा संबंधी पुख्ता इंतजाम करना चाहिए जिससे प्लांट और उसके आसपास प्रदूषण न फैले और अगर प्लांट संचालित होने से प्रदूषण के कारण किसी किसान के फसलों को क्षति पहुंच रही है तो उनको उनका मुआवजा निश्चित रूप से देना चाहिए और यह प्रशासन को आवश्यक रूप से निर्देशित करना चाहिए। तथा प्लांट में बढ़ते दुर्घटनाओं को मद्देनजर रखते हुए प्लांट में सुरक्षा संबंधी व्यवस्था आवश्यक रूप से करना चाहिए ताकि जो भी मजदूर वहां कार्य कर रहे हैं वह सभी सुरक्षित रहें। महासमुंद उद्योग विहीन क्षेत्र है और भविष्य में रोजगार की संभावनाएं कम है, जो कि उद्योग से ही सम्भव होगी, ऐसी परिस्थितियों में प्रशासन को बहुत ही संतुलित तरीके से उद्योग पर निर्णय की कार्यवाही किया जाना चाहिए, क्योंकि इस उद्योग से हजारों लोगों को रोजगार मिल रहा है और सैकड़ों लोगों के परिवारों का पोषण हो रहा है। आंदोलनकारियों हेतु न्यायोचित निर्णय लेकर उनके मांगों को समझते हुए न्यायसंगत निराकरण करना चाहिए। डॉ. चोपड़ा ने आगे कहा कि वार्ता के बाद भी अगर समस्याओं का कोई समाधान नहीं निकलता तो वे खुद (डॉ. चोपड़ा) उद्योग मंत्री और मान. मुख्यमंत्री के समक्ष मिलकर प्लांट की सभी समस्याओं और उनके समाधानों की बात करेंगे। इसके लिए उन्होंने उद्योग मंत्री व मुख्यमंत्री को पत्र भी प्रेषित कर दिया है, जिसमें मां करणी कृपा पावर प्लांट तुमगांव से सम्बंधित सभी समस्याएं दर्ज की गई है।