स्वतंत्रता दिवस को आन, बान और शान के साथ मनाएं: विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा

0
8

महासमुंद। महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने क्षेत्रवासियों से 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस को आन, बान और शान के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मनाने का आह्वान किया है। उन्होंने माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं छत्तीसगढ़ के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक नागरिक से राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ सहभागिता निभाने की अपील की।विधायक श्री सिन्हा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों को श्रद्धांजलि देने तथा उनके आदर्शों को स्मरण करने का दिन है। उन्होंने कहा कि हमें “हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा, हर मन तिरंगा” के भाव के साथ अपने घरों पर तिरंगा फहराना चाहिए और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लेना चाहिए।उन्होंने सभी शासकीय कार्यालयों, संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमापूर्ण एवं हर्षोल्लास के साथ मनाने की अपील की। साथ ही बच्चों और युवाओं को स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।श्री सिन्हा ने कहा कि आज हमें जो स्वतंत्रता मिली है, वह हमारे वीर स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों के त्याग, तपस्या और बलिदान का परिणाम है। हम इस आजादी को व्यर्थ नहीं जाने देंगे। भारत की स्वतंत्रता, अखंडता, संप्रभुता और गौरव को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।उन्होंने क्षेत्रवासियों से आपसी भाईचारा, प्रेम और सद्भाव बनाए रखने तथा जरूरत के समय एक-दूसरे के काम आने की अपील करते हुए कहा कि मजबूत और विकसित भारत का निर्माण तभी संभव है, जब देश का प्रत्येक नागरिक राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करे।विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा ने महासमुंद क्षेत्र के सभी नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आइए, इस स्वतंत्रता दिवस पर हम सभी मिलकर राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के लिए नया संकल्प लें और तिरंगे के सम्मान को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं।