मिशन शक्तिसैट की नेशनल फाइनलिस्ट छात्रा से विधायक ने की मुलाकात, कहा – बेटी ने बढ़ाया राज्य और देश का मान
महासमुंद। शासकीय आशीबाई गोलछा उच्चतर माध्यमिक स्कूल की छात्रा रागनी साहू का चयन प्रतिष्ठित मिशन शक्तिसैट की नेशनल फाइनलिस्ट के रूप में हुआ है। अब वह वैश्विक स्तर पर भारत और छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगी। रविवार को महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने उनसे मुलाकात कर इस गौरवपूर्ण कार्य के लिए उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की। विधायक श्री सिन्हा ने कहा कि हमारे क्षेत्र की बेटी ने अपने माता-पिता के साथ राज्य और देश का मान बढ़ाया है। उन्हें बधाई देते हुए कहा कि इसी तरह अपनी प्रतिभा को दुनिया के सामने प्रदर्शित करते हुए आगे भी बड़े वैज्ञानिक अभियानों में शामिल होकर खूब तरक्की करनी है। इस अवसर पर शाला एवं विकास समिति के अध्यक्ष संदीप दीवान, भाजपा मंडल अध्यक्ष महेंद्र सिका, भाजपा नेता दिनेश रूपरेला, पीयूष साहू उपस्थित थें।
बता दें कि मिशन शक्तिसैट एक अंतरराष्ट्रीय चंद्र मिशन है। इसमें विश्व के 108 देशों की छात्राएं शामिल हैं। रागनी 22 से 31 अगस्त तक ग्रेटर नोएडा के गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाली 8 दिवसीय नेशनल वर्कशॉप में भाग लेंगी। इस मिशन में प्रतिभागी छात्राएं मिलकर अंतरराष्ट्रीय टीमें बनाएंगी। ये टीमें चंद्रमा के लिए दो विशेष उपग्रह विकसित करेंगी। एक उपग्रह चंद्रमा की कक्षा में स्थापित होगा। दूसरा रोवर चंद्रमा की सतह पर उतरेगा। रोवर वैज्ञानिक प्रयोग करेगा। इन उपग्रहों का प्रक्षेपण 11 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के मौके पर होगा। प्रक्षेपण श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से इसरो करेगा।








