महासमुन्द: आदर्श शहर समृद्धि योजना के लिए 15 दिन में मांगी कार्ययोजना  नपा उपाध्यक्ष राठी बोले- 30 पार्षदों को पत्र भेजकर वार्ड विकास की जानकारी मंगाई जाए

0
17

महासमुन्द।छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन विभाग की महती योजना आदर्श शहर समृद्धि योजना के तहत महासमुन्द नगर पालिका को शामिल कर 15 दिवस के भीतर कार्ययोजना की जानकारी मांगी गई है। इस संबंध में नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी सौरभ शर्मा से दूरभाष पर चर्चा कर कहा कि इतनी महत्वपूर्ण योजना में महासमुन्द शहर को शामिल किया गया है। नपा में पत्र प्राप्त हो चुका है लेकिन अभी तक पार्षदों को कोई सर्कुलर नपा कार्यालय से जारी नहीं हुआ है। ऐसे में कार्ययोजना और शहर के 30 वार्डों में समान विकास पर प्रश्न चिन्ह लग जाएगा।

पार्षदों को शीघ्र पत्र जारी हो  
सभी 30 पार्षदों को छत्तीसगढ़ शासन की योजना से शीघ्र पत्र जारी कर अवगत कराया जाए तथा 30 वार्डों से शहर में विकास कार्य कराने की जानकारी मंगाकर छत्तीसगढ़ शासन को भेजा जाए। जिससे शीघ्र राशि का आवंटन होगा। आदर्श शहर समृद्धि योजना के तहत महासमुन्द नगर पालिका को लगभग 625 लाख रुपये प्राप्त होंगे। पहले भी शासन की महत्वपूर्ण जानकारी पत्र द्वारा नगर पालिका के पार्षदों को भेजी जाती है। पार्षदों को जानकारी होना उनका मौलिक अधिकार है। शीघ्र पत्र से पार्षदों को अवगत कराया जाए।

वार्डों से प्रस्ताव मांगे 
साथ ही उपाध्यक्ष राठी ने शहर के सभी 30 वार्डों के पार्षदों से अपील करते हुए कहा कि शहर समृद्धि योजना के तहत अपने-अपने वार्डों में कराए जाने वाले विकास कार्य की जानकारी पत्र बनाकर शीघ्र पालिका में जमा करें। जिससे पालिका द्वारा शासन को विकास कार्य कराने की जानकारी भेजने में आसानी होगी।