पाकिस्तान ने फिर अफगानिस्तान में की एयर स्ट्राइक, बॉर्डर पर बढ़ी जंग, अब तक 21 की मौत

0
16

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव अब खुले संघर्ष में बदल गया है. बुधवार को पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के स्पिन बोल्डक शहर में हवाई हमले (Airstrikes) किए. हमले चमन बॉर्डर क्रॉसिंग (Chaman Border Crossing) के पास हुए, जहां तीन अफगान-तालिबान चौकियां निशाना बनीं. स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, लोगों ने ड्रोन और लड़ाकू विमानों से बम गिरते हुए देखा. अफगान सीमा पुलिस ने बताया कि विस्फोटों के बाद इलाके में काला धुआं छा गया और कई घरों की खिड़कियां टूट गईं.

बुधवार को स्पिन बोल्डक में हुए हमले के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया, जिसमें इलाके से उठता घना धुआं दिखाई दे रहा है. इससे दोनों देशों के बॉर्डर पर संघर्ष बढ़ गया. दोनों पक्षों के कुल हताहतों की संख्या 21 है. रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक छह पाकिस्तानी पैरामिलिट्री सैनिक मारे गए वहीं 15 अफगान के सिविलियन मारे गए और दर्जनों घायल हो गए.

डूरंड लाइन पर बढ़ा तनाव
पाकिस्तान और अफ़गानिस्तान के बीच यह ताजा हमला ऐसे वक्त हुआ है जब दोनों देशों की सीमा पर 11 अक्टूबर से लगातार झड़पें हो रही हैं. अफगान बलों ने उस दिन कई पाकिस्तानी पोस्ट पर हमला किया था. अफगान अधिकारियों ने दावा किया कि उन्होंने 58 पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराया, जबकि पाकिस्तान ने कहा कि उसने 23 सैनिक खोए और 200 से ज्यादा ‘तालिबानी सैनिक और आतंकी’ मार गिराए.

बॉर्डर बंद होने से लोग फंसे
अफगान-पाकिस्तान संघर्ष के बाद सीमा पर तनाव है. अफगान पुलिस प्रवक्ता आबिदुल्लाह उकाब ने कहा कि पाकिस्तान से लगी सभी सीमा चौकियां बंद कर दी गई हैं. सोमवार को चमन बॉर्डर पार करने वाले करीब 1,500 अफगान नागरिकों को पैदल घर लौटने की इजाजत दी गई, लेकिन व्यापार और आवागमन ठप है. दोनों देशों के बीच सैकड़ों ट्रक और यात्री फंसे हुए हैं.

क्या कह रहा पाकिस्तान?
पाकिस्तान की सरकारी मीडिया के अनुसार अफगानिस्तान की सेना और पाकिस्तानी तालिबान ने संयुक्त रूप से ‘बिना उकसावे के’ एक पाकिस्तानी चौकी पर गोलीबारी की जिसके बाद खैबर पख़्तूनख़्वा प्रांत के कुर्रम ज़िले में पाकिस्तानी सैनिकों ने करारा जवाब दिया. सुरक्षा अधिकारियों ने कहा कि पाकिस्तानी सेना ने पाकिस्तानी तालिबान के एक विशाल प्रशिक्षण केंद्र को भी नष्ट कर दिया.