रुद्राभिषेक में शामिल हुए छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह

0
7

महासमुंद। विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा परिवार द्वारा विशाल मेगा मार्ट परिसर में आयोजित एक माह के रुद्राभिषेक एवं हवन पूजन कार्यक्रम में बुधवार को छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह शामिल हुए। विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा भी सपरिवार पूजा में शामिल हुए। डॉ. रामप्रताप सिंह, विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा सहित आए हुए सभी श्रृद्धालुओं ने पार्थिव शिवलिंग का अभिषेक किया। पुरोहितों ने मंत्रोच्चार के साथ रुद्राभिषेक संपन्न कराया। महादेव की आरती के साथ पूजन कार्य संपन्न हुआ। अंत में पूजन में शामिल होने आए हुए श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया। 

इस अवसर पर डॉ. रामप्रताप सिंह ने कहा कि महादेव देवों के देव हैं। श्रावण मास में उनकी पूजा का पुण्यलाभ प्राप्त करना अति लाभकारी है। जो भी भक्त महादेव की शरण में आते हैं उनकी मनोकामना महादेव अवश्य पूर्ण करते हैं। साथ ही उन्होंने विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा एवं उनके परिवारजनों को इस पुण्य कार्य के आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी। वहीं विधायक श्री सिन्हा ने कहा कि महादेव की सेवा में जीवन का सार छुपा हुआ है। हम तो सिर्फ माध्यम हैं करने वाले तो महादेव हैं। श्रावण मास में महादेव की सेवा करना परम सौभाग्य होता है। 

आज होगा सवा लाख पार्थिव शिवलिंगों का अभिषेक

एक माह के रुद्राभिषेक एवं हवन-पूजन कार्यक्रम में आज सवा लाख पार्थिव शिवलिंगों के निर्माण पश्चात् अभिषेक होगा। फिर पार्थिव शिवलिंगों को विसर्जन के लिए शोभायात्रा के माध्यम से बम्हनी ले जाया जाएगा। इसके बाद शुक्रवार को पूर्णाहुति के साथ एक माह के रुद्राभिषेक एवं हवन पूजन कार्यक्रम का समापन होगा।