यूपी के प्रयागराज से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां मंगलवार सुबह एक बंदर ने पेड़ पर चढ़कर 500-500 रुपए के नोट लुटाये। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। लोगों में नोट लूटने की होड़ लग गई। हालांकि बाद में लोगों ने युवक को सारे नोट वापस कर दी। वहीं, इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है।
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के गंगानगर जोन के सोरांव तहसील के आजाद सभागार का है। जहां एक युवक ने बाइक खड़ी की थी, वह किसी जमीन की रजिस्ट्री कराने के लिए तहसील आया था। बाइक की डिग्गी में उसने एक झोले में रुपए रखे थे, वह बाइक के आस-पास ही मौजूद था। युवक के जरा ओझल होते ही एक बंदर बाइक के करीब पहुंच गया।
बंदर ने बाइक की डिग्गी खोली और एक बैग निकाल लिया। लोग जब बैग वापस लेने के लिए दौड़े तो उसे लेकर वह नजदीक के पीपल के पेड़ पर चढ़ गया, लोग बैग लौटाने के लिए नीचे से शोर मचाते और ईंट-पत्थर मारते रहे, लेकिन बंदर ने बैग लौटने के बजाय बैग खोला और बैग के अंदर रखे पॉलिथीन से रुपए निकाले। पेड़ पर बैठकर बंदर मजे से 500-500 रुपए के नोटों की बारिश करने लगा। पेड़ के नीचे मौजूद लोगों ने नोट बटोरे, आस-पास मौजूद लोगों ने जो नोट बटोरे थे उसे युवक को वापस कर दिया। इसके बाद युवक ने कहीं जाकर राहत की सांस ली युवक की एक छोटी सी लापरवाही उसे बड़ा आर्थिक नुकसान पहुंचा सकती थी।
औरैया में भी बंदर ने पेड़ से किए थे नोटों की बारिश
इससे पहले ऐसा ही कुछ औरैया जिले से भी सामने आया था। जहां एक बंदर ने बाइक में रखे 80 हजार रुपए निकाल लिए और पेड़ पर चढ़ और नोटों की बारिश करने लगा। वहीं नीचे मौजूद लोगों ने नोट बटोरना शुरू कर दिया। जिस शख्स की मोपेड से बंदर ने रुपए निकाले थे उन्हें अंततः 52 हजार रुपए ही मिले। बाकी के नोट या तो बंदर ने फाड़ दिए या फिर किसी और ने बटोर लिए। इस घटना का भी वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ था।








