महासमुंद। पूर्व पार्षद व समाजसेवी पंकज साहू ने केंद्र सरकार पर जनता को लूटने का आरोप लगाते हुए कहा कि पहले तो सरकार ने जीएसटी के नाम पर व्यापारियों और आमजन को बर्बाद किया, अब डाक विभाग के जरिये जनता की जेब पर डाका डाला जा रहा है।
उन्होंने कहा कि डाक विभाग ने 1 अक्टूबर 2025 से रजिस्ट्री और स्पीड पोस्ट की दरों में मनमानी तरीके से बढ़ोत्तरी कर दी है। पहले जिन पत्रों की रजिस्ट्री 28 रूपये लगते थे, अब 61 रूपए वसूले जा रहे हैं। इसी तरह 19 रूपए वाले पत्रों का शुल्क बढ़ाकर 47 रूपए कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार दो-तीन रूपए बढ़ाती तो आपत्ति नहीं होती, लेकिन दरों को दोगुना-ढाई गुना करना आम जनता के साथ सरासर धोखा और लूट है। निश्चित दूरी और अधिक वजन वाले डाक पत्रों पर भी भारी भरकम शुल्क लगाया गया है, जिससे अब रजिस्ट्री और स्पीड पोस्ट करना आम आदमी के लिए बेहद महंगा हो गया है। श्री साहू ने मोदी सरकार को तानाशाह सरकार की संज्ञा देते हुए कहा कि भाजपा ने धर्म और मजहब के नाम पर जनता से वोट लिए थे, अब उसी जनता से महंगे डाक दरों के नाम पर कीमत वसूली जा रही है। उन्होंने कहा कि यह कदम सीधे-सीधे जनता की जेब काटने जैसा है। केंद्र सरकार से मांग है कि तुरंग बढ़ाए गए दरों को वापस लिया जाए और आम जन को राहत प्रदान करें।








