महासमुंद। जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा है कि यह एक कायराना हरकत है। हमारे देश के लोगों को इस प्रकार नाम और धर्म पूछकर मारना बहुत बड़ा दुष्कृत्य है। कई परिवार के चिराग बुझ गए। देश आज एकजुट होकर आतंकवाद के खिलाफ लड़ने के लिए तैयार है। इस कृत्य का परिणाम उन्हें भुगतना पड़ेगा। इस नृशंस आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया है। उन्हें किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
इसके साथ ही इस्लामिक आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले पाकिस्तान को भी इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। यह पहली बार नहीं है कई बार पाकिस्तान ऐसी हरकतें करते आ रहा है। इससे पहले भी हमारे देश की सेना ने उन्हें करारा जवाब दिया है। सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक करके पाकिस्तान को कई बार चेतावनी दी गई है, लेकिन वह फिर से वही गलती कर रहा है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार कई कड़े फैसले लेकर आतंकवाद को पालने वाले पाकिस्तान को घुटने टेकने पर मजबूर कर रही है।
सरकार ले रही कड़े फैसले
हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी की बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। इसके तहत सिंधु जल समझौते को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। साथ ही बॉर्डर चेक पोस्ट को बंद करना, पाकिस्तानी नागरिकों के भारत में प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाना, भारत में स्थित पाकिस्तानी उच्चायोग को बंद करना, पाकिस्तानी राजनयिक को 48 घंटे के भीतर देश छोड़ने का आदेश जारी किया गया है।








