हमारी प्रार्थनाएं काम नहीं कीं’, राजवीर जवंदा के निधन से शोक में पंजाबी इंडस्ट्री

0
19

पंजाबी सिंगर राजवीर जवंदा का आज यानी बुधवार को सुबह 10:55 पर मोहाली में निधन हो गया। सिंगर के निधन से पंजाबी इंडस्ट्री में शोक की लहर है। नीरू बाजवा ने उनके निधन की खबर सोशल मीडिया पर कंफर्म की है। उन्होंने लिखा कि ये बहुत दर्दनाक है कि एक हंसमुख और दयालु राजवीर अब हमारे बीच नहीं हैं। बादशाह ने भी राजवीर के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

नीरू बाजवा ने सिंगर के लिए लिखा पोस्ट

पंजाबी एक्ट्रेस नीरू बाजवा ने लिखा- “ये बहुत दर्दनाक है कि एक हंसमुख और दयालु राजवीर अब हमारे बीच नहीं हैं। अलविदा राजवीर। एक युवा और होनहार जीवन का चले जाना दुखद है। राजवीर के परिवार और प्रियजनों के लिए संवेदनाएं। ईश्वर आपको इस समय में शक्ति और शांति प्रदान करे।”

बादशाह ने व्यक्त किया शोक

रैपर और सिंगर बादशाह ने भी राजवीर के जाने पर शोक व्यक्त किया है। बिग बॉस 17 में नजर आईं आयशा खान ने तस्वीरें शेयर करते हुए सिंगर के जाने पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा- सही कहते हैं रब अपने सच्चे बंदों को अपने पास जल्दी बुला लेता है।

परमीश ने लिखा पोस्ट

सिंगर परमीश वर्मा ने अपने एक पोस्ट राजवीर के लिए लिखा-हम राजवीर को सिर्फ रेस्ट इन पीस लिखकर अलविदा नहीं कह सकते हैं। ऐसे टैलेंट, आर्टिस्ट्री, कठिन परिश्रम, जीने का जोश, प्यार और सम्मान-जिस तरह इन्होंने अपना जीवन जिया-वो हमारे लिए एक प्रेरणा का अनंत स्रोत हैं। काश यह सिर्फ एक सपना होता, यह सच न होता, और उनका मुस्कुराता हुआ चेहरा हमारे सामने आता, और कहता, ‘तुमने ऐसा क्यों किया?”

पंजाबी एक्ट्रेस तानिया ने लिखा- हम ऐसी खबर को कैसे माने। कैसे हमारी प्रार्थनाएं काम नहीं कीं? अभी भी शब्द नहीं मिल रहे हैं… बहुत जल्दी चले गए, लेकिन आपकी आवाज, आपकी स्पिरिट और दयालुता हमेशा रहेगी। परिवार को शक्ति मिले।

27 सितंबर को हुआ था एक्सिडेंट

बता दें, 27 सितंबर को राजवीरा का हिमाचल प्रदेश में एक एक्सिडेंट हुआ था। वो पिछले 11 दिनों से अस्पताल में भर्ती थे। उस एक्सिडेंट में राजवीर को स्पाइन मे चोट और ब्रेन डैमेज हुआ था।