संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती पर समरसता संकल्प अभियान के तहत जिले के सभी मंडलों में पहुँचेगा माटी युक्त पवित्र कलश : येतराम साहू

0
8

महासमुंद। भारतीय जनता पार्टी द्वारा संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जन्म जयंती के उपलक्ष्य में प्रदेशव्यापी समरसता संकल्प अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से संत रविदास के समरसता, समानता, सामाजिक सद्भाव और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया गया है।भाजपा जिलाध्यक्ष येतराम साहू ने कहा कि समाज में समरसता और सामाजिक एकता को सशक्त बनाने की दिशा में यह अभियान एक महत्वपूर्ण पहल है। अभियान के अंतर्गत जिलेभर में माटी युक्त पवित्र कलश का स्वागत एवं कलश यात्रा आयोजित की जाएगी। संत रविदास का जीवन समान अवसर, मानव सेवा और सामाजिक सद्भाव का अनुपम संदेश देता है, जो आज भी समाज को नई दिशा प्रदान करता है।जिलाध्यक्ष ने कहा कि यह अभियान जिले के प्रत्येक मंडल और ग्राम तक पहुँचकर समाज के सभी वर्गों के बीच संवाद स्थापित करेगा तथा एकता, संवेदनशीलता और समावेशिता के भाव को मजबूत करेगा। आगामी वर्ष की माघ पूर्णिमा तक अभियान निरंतर संचालित रहेगा। पार्टी कार्यकर्ता संत रविदास के जीवन-दर्शन, उनके संदेशों और समरस समाज की अवधारणा को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य करेंगे।साहू ने जानकारी दी कि समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत वाराणसी से लाए गए माटी युक्त पवित्र कलश का पूजन राजधानी रायपुर स्थित श्रीराम मंदिर में संत-महात्माओं की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न होगा। इसके पश्चात 4 अगस्त को पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, संत-महात्माओं तथा विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में कलशों का वितरण किया जाएगा।आगे उन्होंने बताया कि ये माटी युक्त पवित्र कलश प्रदेश के सभी 36 संगठन जिलों के जिलाध्यक्षों को सौंपे जाएंगे। इसके बाद प्रदेश के 479 मंडलों में कलश यात्रा एवं स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महासमुंद जिले के सभी मंडलों में भी कलश भ्रमण के माध्यम से संत रविदास के समरस समाज के संदेश को जन-जन तक पहुँचाया जाएगा।अंत में येतराम साहू ने जिले के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि संत रविदास के विचार आज भी सामाजिक समरसता, सद्भाव, समानता और राष्ट्र निर्माण के लिए अत्यंत प्रासंगिक हैं। यह अभियान उनके आदर्शों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का सशक्त माध्यम बनेगा।