करवा चौथ पर पति ने पत्नी और बेटी को किया आग के हवाले, फिर…; रेवाड़ी में दिल दहला देने…

0
20

गुरुग्राम से सटे हरियाणा के रेवाड़ी जिले के रामपुरा गांव में करवा चौथ की रात एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया। पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखने वाली भूखी-प्यासी पत्नी को उसके शराबी पति ने थिनर डालकर आग के हवाले कर दिया। मां को बचाने आई बेटी को भी आग के हवाले कर दिया। इसके बाद उसने खुद को भी आग लगा ली। पति-पत्नी की हालत गंभीर होने पर रोहतक रेफर कर दिया गया है।

रामपुरा गांव में रहने वाला मनोज पेंटर का काम करता है। वह शराब पीने का आदी है। उसके परिवार में पत्नी और एक बेटी है। करवा चौथ के दिन उसकी 37 वर्षीय पत्नी अनिता ने पति मनोज की लंबी आयु की कामना करते हुए व्रत रखा था। उसने पूरे परिवार के लिए खाना बनाया और चांद देखकर व्रत खोलने के लिए पति का इंतजार करने लगी।

पति मनोज रात 8:30 बजे काम से लौटा तो वह शराब पिये हुए था। पत्नी ने गुस्सा जताया और कहा कि कम से कम आज के दिन तो शराब पीकर नहीं आते। इस बात पर मनोज ने पत्नी के साथ झगड़ा शुरू कर दिया, बात इतनी बढ़ गई कि रात 11 बजे मनोज ने घर में रखी थिनर की बोतल अनिता पर डालकर आग लगा दी। मां को जलता देख 16 वर्षीय बेटी प्रिया उसे बचाने आई तो उसने उसे भी आग के हवाले कर दिया। पत्नी-बेटी को जलता देखकर मनोज ने खुद को भी आग लगा ली।

पति-पत्नी की हालत गंभीर, बेटी भी झुलसी

शोर सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने तत्काल रामपुरा थाना पुलिस को सूचना दी। तीनों को जली हुई हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से मनोज और अनिता को रोहतक पीजीआईएमएस के लिए रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों का कहना है कि अनिता 80 प्रतिशत जल चुकी है। वहीं बेटी प्रिया का रेवाड़ी में इलाज चल रहा है। रामपुरा थाना प्रभारी संजय कुमार ने कहा कि एफएसएल टीम ने मौके का जायजा लिया है। जैसे ही अनिता के बयान दर्ज होंगे आगे की कार्रवाई की जाएगी। मौके से सबूत एकत्रित कर लिए गए हैं।