पैसा मिलता रहे, इसलिए NDA सरकार जरूरी; ये जननायक की उपाधि चुरा रहे:

0
15

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के चुनाव प्रचार की शुरुआत समस्तीपुर से कर दी है। मोदी ने रैली को संबोधित करने से पहले समाजवादी नेता और पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर के गांव में उनको श्रद्धांजलि दी। शुरुआत में ही मोदी ने कहा कि नई रफ्तार से चलेगा बिहार, जब फिर आएगी एनडीए सरकार। पीएम ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी यादव का बिना नाम लिए कहा कि ये लोग कर्पूरी ठाकुर की जननायक की उपाधि चुरा रहे हैं। बता दें कि कांग्रेस और राजद के नेता आजकल राहुल और तेजस्वी को जननायक भी कहते हैं। मोदी समस्तीपुर के बाद बेगूसराय में रैली कर रहे हैं।

पीएम मोदी ने जनसभा में आए लोगों से फिर एक बार, एनडीए सरकार के नारे लगवाए और कहा कि सुशासन की सरकार बनेगी।

पीएम मोदी ने छठ पर्व और दिवंगत लोक गायिका शारदा सिन्हा को याद करके अपने भाषण की शुरुआत की।

बेगूसराय में पीएम मोदी का भाषण शुरू हो गया है। उन्होंने स्थानीय बोली में लोगों का अभिवादन किया और हाल-चाल पूछा।

पीएम मोदी की दूसरी चुनावी रैली बेगूसराय के हवाई अड्डा मैदान में है। रैली में लोगों का पहुंचना जारी है। मंच पर नेताओं का भाषण चल रहा है और जिले की सात सीटों के एनडीए उम्मीदवार मंच पर मौजूद हैं। पीएम समस्तीपुर से हेलिकॉप्टर से बेगूसराय आ रहे हैं। संभावना है कि दोपहर 2 बजे के आसपास पीएम मोदी के साथ-साथ नीतीश कुमार और गठबंधन के दूसरे बड़े नेता यहां आ जाएंगे।

पीएम मोदी ने कहा कि नीतीश कुमार सरकार की मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की बहुत प्रशंसा हो रही है। बिहार की 1 करोड़ 20 लाख बहनों ने 10 हजार रुपये की शुरुआती मदद से अनेक काम शुरू कर दिया है। बिहार की बहनें कह रही हैं कि उन्हें यहीं नहीं रुकना है, वो अपने छोटे से उद्यम को सफल बनाने में जुटी हैं। 14 नवंबर के बाद जब फिर से एनडीए सरकार बनेगी, बिहार की लाखों बहनों को रोजगार बढ़ाने के लिए और अधिक प्रोत्साहन दिया जाएगा।

पीएम मोदी ने विभिन्न सरकारी योजनाओं की आर्थिक मदद का इशारा करते हुए कहा कि अगर आप चाहते हैं कि आपका पैसा आपको मिलता रहे तो एनडीए सरकार जरूरी है।

पीएम मोदी ने छोटे किसानों के लिए बैंकों के दरवाजे खोलने की चर्चा की। पीएम किसान सम्मान निधि से किसानों को मिल रही मदद की याद भी दिलाई। राज्य के किसानों को 28 हजार करोड़ से ज्यादा मिला है। समस्तीपुर के किसानों को भी 800 करोड़ मिला है। सब खाते में जमा हुआ है। जंगलराज वालों की सरकार होती तो आपके पैसे आपके खाते तक पहुंच पाते क्या।

पीएम ने इंटरनेट सेवा और मोबाइल डेटा के सस्ता होने का जिक्र किया और कहा कि इसका फायदा नौजवानों ने उठाया है।

मोदी ने सभा में मौजूद लोगों से मोबाइल फोन की लाइट जलाने के लिए कहा और जब लोगों ने लाइट जलाई तो कहा कि जब हर हाथ में लाइट है तो किसी को भी लालटेन नहीं चाहिए।

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के समय में बिहार को जितना पैसा मिला था, उससे तीन गुना ज्यादा पैसा भाजपा, एनडीए की सरकार ने बिहार के विकास के लिए दिया है। जब तीन गुना पैसा आएगा तो विकास भी तीन गुना ज्यादा होगा। समस्तीपुर से पूर्णिया के लिए सिक्स लेन हाइवे बन रहा है। नई रेल लाइनें बन रही हैं, वंदे भारत जैसी ट्रेनें चल रही हैं, बिहार में बिजली के नए-नए कारखाने लग रहे हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि यूपीए सरकार के दौरान राजद धमकाती थी कांग्रेस को कि अगर बिहार में नीतीश की बात मानी, बड़े प्रोजेक्ट दिए तो समर्थन वापस ले लेंगे। कांग्रेस और राजद ने बिहार का बहुत नुकसान किया।

पीएम मोदी ने कर्पूरी ठाकुर को जनमानस से मिली जननायक की उपाधि को लेकर राहुल गांधी या तेजस्वी यादव का बिना नाम लिए कहा कि ये हजारों करोड़ रुपए के घोटालों में जमानत पर चल रहे लोग हैं। और जो जमानत पर है वो चोरी के मामले में जमानत पर है। इनकी चोरी की आदत ऐसी है कि अब जननायक की उपाधि की चोरी करने में जुटे हैं। बिहार के लोग जननायक कर्पूरी बाबू का ये अपमान कभी नहीं सहेंगे।

मोदी ने कहा कि एनडीए सरकार ने गरीबों, दलितों, महादलितों, पिछड़ों, अतिपिछड़ों के हितों को प्राथमिकता दी है। उनकी सरकार ने सामान्य वर्ग के गरीबों को 10 प्रतिशत आरक्षण देने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया। भाजपा और एनडीए ने ही अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति के आरक्षण को भी 10 साल के लिए और आगे बढ़ाया।

मोदी ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में सुशासन की सरकार ने बिहार का विकास किया है।पीएम मोदी ने कहा कि बिहार में जीत के अब तक के सारे रिकॉर्ड टूटेगा।

पीएम मोदी ने कहा कि आज का दिन मेरे जीवन का महत्वपूर्ण दिवस है। यहां आने से पहले मैं कर्पूरी ग्राम गया था, वहां मुझे भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर को नमन करने का अवसर मिला। ये उनका आशीर्वाद है कि आज हम जैसे पिछड़े और गरीब परिवारों से निकले लोग इस मंच पर खड़े हैं।

पीएम मोदी ने कहा लोकतंत्र के महापर्व का बिगुल बन चुका है और पूरा बिहार कह रहा है- फिर एक बार एनडीए सरकार, फिर एक बार सुशासन सरकार, जंगलराज वालों को दूर रखेगा बिहार।