कांग्रेस नेता के भतीजे ने गोली मारकर की खुदकुशी, नीट की तैयारी कर रहा था छात्र

0
26

छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से 20 वर्षीय युवक द्वारा गोली मारकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। युवक बिल्डर चित्रसेन सिंह का बेटा है। वह भोपाल में रहकर नीट की तैयारी कर रहा था। जानकारी के मुताबिक मृतक युवक का नाम संस्कार सिंह है। वह पूर्व मंत्री अमरजीत भगत के करीबी कांग्रेसी नेता अजय सिंह का भतीजा बताया गया है। ये मामला सरकंडा थाना इलाके के राजकिशोर नगर का है।

परिजनों ने बताया कि संस्कार बीते 2 साल से नीट की तैयारी कर रहा था। सिलेक्शन न होने के चलते वो परेशान रहता था। पुलिस द्वारा आशंका जताई जा रही है कि सिलेक्शन न होने की वजह से उसने आत्महत्या की है। नीट की तैयारी के लिए वापस भोपाल जाने से पहले उसने खुदको गोली मारकर खत्म कर लिया।

दोपहर को संस्कार दूसरे मंजिल पर गया और उसने लाइसेंसी बंदूक से खुदको गोली मार ली। गोली गर्दन से सटाकर मारने के चलते कारतूस जबड़ा को चीरता हुआ आर-पार हो गया। बंदूक चलने की आवाज पर परिजन ऊपर दौड़े तो कमरे का दरवाजा बंद पाया। दरवाजा खोला, तो संस्कार जमीन पर खून से लथपथ हालत में पड़ा था। घटना के बारे में पुलिस को सूचना की गई। लाश को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। आगे की जांच जारी है।

आशंका जताई जा रही है कि संस्कार ने डिप्रेशन के चलते खुदकुशी की है, हालांकि कल रात भारत-पाकिस्तान मैच के बाद इंडियन क्रिकेट टीम की जीत पर वह खुश था। परिजनों ने बताया कि उसने अपने सोशल मीडिया अकाउंट इंस्टाग्राम पर स्टोरी लगाकर खुशी भी जाहिर की थी। इसलिए डिप्रेशन की आशंका को पुख्ता साबित होने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है।