घुसपैठियों’ के नाम कटने के डर से कांग्रेस कर रही वोटर लिस्ट पुनरीक्षण का विरोध : डॉ. चोपड़ा

0
28

महासमुंद। पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा ने देश भर में चल रहे मतदाता सूची के (SIR) विशेष गहन पुनरीक्षण को ‘समय की गहन आवश्यकता’ बताया है और इस कदम को चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और शुचिता सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण करार दिया है।

डॉ. चोपड़ा ने एक विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि मतदाता सूची में विसंगतियाँ 40-50 वर्षों से चली आ रही हैं। जिनमें मृत हो चुके मतदाताओं के नाम अभी भी सूची में शामिल हैं। एक से अधिक स्थानों पर नाम का शामिल होना, विशेष रूप से वार्ड बदलने वाले लोगों का, और जो लोग शहर छोड़कर दूसरे स्थानों पर चले गए हैं, उनके नाम भी सूची में बने हुए हैं।

डॉ. चोपड़ा ने कहा, इन विसंगतियों के चलते कई स्थानों पर वयस्क जनसंख्या से भी अधिक नाम मतदाता सूची में दर्ज हो जाते हैं, जबकि कई पात्र नागरिकों के नाम सूची में शामिल होने से छूट जाते हैं। उन्होंने मतदाता सूची में व्यापक सुधार की तत्काल आवश्यकता पर बल दिया।

उन्होंने बिहार का उदाहरण दिया, जहां मतदाता सूची के सुधार के बाद मतदान के प्रतिशत में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। और कहा यह वृद्धि इस बात का प्रमाण है कि अयोग्य, मृत या दोहरे नामों को हटाने से सूची अपडेट होती है और वास्तविक मतदाताओं को मतदान के लिए प्रोत्साहित करती है।

डॉ. चोपड़ा ने कांग्रेस द्वारा पुनरीक्षण प्रक्रिया पर लगाए जा रहे आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस स्वयं भ्रमित है और देश को भी भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। उनके कहा “कांग्रेस जिस प्रकार का आरोप लगाती है, इन आरोपों को ठीक करने के लिए यह काम किया जा रहा है। और आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार अपनी हार को छिपाने के लिए ईवीएम हैक, वोट चोरी जैसे अनर्गल आरोप लगाती रहती है। कांग्रेस इस पुनरीक्षण का विरोध केवल इसलिए कर रही है क्योंकि उसे इस बात की घबराहट है कि उन्होंने मतदाता सूची में ‘घुसपैठियों और अपने समर्थकों’ के जो गलत नाम शामिल करा रखे हैं, वे कट जाएंगे।

डॉ. चोपड़ा ने दोहराया कि मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण (SIR) बहुत ज़रूरी है, और यह चुनावी प्रक्रिया को मजबूत करने के लिए एक गहन आवश्यकता है।