महासमुंद। मंगलवार को विधायक कार्यालय में श्रम विभाग की जनकल्याणकारी योजना दीदी ई-रिक्शा सहायता के अंतर्गत ग्राम खरोरा निवासी राजकुमारी कुर्रे पति राजकुमार कुर्रे को आजीविका सशक्तिकरण हेतु ई-रिक्शा प्रदान किया गया। इस अवसर पर विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और सफल स्वरोजगार की कामना की।
ग्राम खरोरा निवासी राजकुमारी कुर्रे ने बताया कि वह मजदूर वर्ग से आती हैं और उनका पंजीयन श्रम विभाग में था। उन्हें इस योजना की जानकारी मिली तो उन्होंने इसके लिए आवश्यक दस्तावेजों के साथ फॉर्म भरा और विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा की अनुशंसा पर उन्हें आज ई-रिक्शा मिल गया है। इस अवसर पर विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना के तहत पंजीकृत महिला निर्माण श्रमिकों और असंगठित कर्मकारों को ई-रिक्शा खरीदने के लिए सब्सिडी प्रदान की जाती है। इस योजना के माध्यम से स्व रोजगार प्रदान किया जा रहा है। आगे कहा कि हमारी केंद्र एवं राज्य सरकार श्रमिक परिवारों के आर्थिक उत्थान एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न जनहितकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर रही है। ई-रिक्शा जैसे स्वरोजगार के साधन उपलब्ध कराकर हितग्राहियों को सम्मानपूर्वक आजीविका अर्जित करने का अवसर मिल रहा है, जिससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति भी सुदृढ़ होगी। हितग्राही राजकुमारी कुर्रे ने इस महत्वपूर्ण सहयोग के लिए राज्य शासन एवं विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, भाजपा नेतागण गोविंद ठाकुर, रेखा बेहरा, हनीश बग्गा, दिनेश रूपरेला, शरद मराठा, रामेश्वर पटवा, नईम खान, गुड्डा सिन्हा ने उन्हें नए कार्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए निरंतर प्रगति और सफलता की कामना की।








