महासमुन्द। माहेश्वरी पंचायत, युवा संगठन, महिला संगठन के संयुक्त तत्वावधान में माहेश्वरी वंशोत्पत्ति दिवस पर श्री महेश नवमी पर्व धूमधाम से मनाया गया।
बाबा रामदेव मंदिर में भगवान महेश का अभिषेक, पूजन व महाआरती की गई। तत्पश्चात शासकीय जिला अस्पताल में मरीजों को फल वितरण किया गया। भलेसर स्थित गौशाला में गौवंशों को खिचड़ी भोग कराया गया। श्री शांतिनाथ जैन मंदिर में समाज जनों का सहभोज हुआ। तत्पश्चात मंचीय व सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं पुरस्कार वितरण हुआ।
मंचीय कार्यक्रम में ये रहे मुख्य अतिथि
मंचीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ प्रादेशिक माहेश्वरी सभा के गोपाल दास बजाज रायपुर, राजू मुंदड़ा रायपुर, छत्तीसगढ़ प्रादेशिक माहेश्वरी युवा संगठन के दीपक राठी, नगरपालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, माहेश्वरी पंचायत के अध्यक्ष पन्नालाल चाण्डक, सचिव पारस चाण्डक, माहेश्वरी महिला संगठन महासमुन्द की अध्यक्ष ज्योति लढ्ढा, सचिव चंदा टावरी, धमतरी जिला जोन के संरक्षक कस्तूरचंद राठी, धमतरी जिला जोन के उपाध्यक्ष द्वारकादास चाण्डक, माहेश्वरी युवा संगठन अध्यक्ष श्याम राठी, सचिव गौरव राठी, स्कूल शिक्षा विभाग महासमुन्द के सहायक जिला शिक्षा अधिकारी आलोक चाण्डक, अखिल भारतीय माहेश्वरी सभा राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य रवि राठी मंचस्थ थे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम व सम्मान
सांस्कृतिक कार्यक्रम के प्रारम्भ में भगवान महेश के तैलीय चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर महेश वंदना की गई। अतिथियों ने अपने उद्बोधन में महेश नवमी पर्व की बधाई शुभकामना के साथ अखिल भारतीय माहेश्वरी सभा द्वारा चलाए जा रहे समाज जनों के कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
समाज के होनहार युवाओं को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। यश चाण्डक को IIT करने पर सम्मानित किया गया। इसके अलावा भाव्या राठी को 10वीं में 93 प्रतिशत अंक अर्जित करने पर स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया गया।
महेश नवमी पर माहेश्वरी युवा संगठन के द्वारा नाइट क्रिकेट मैच कराया गया था जिसमें विजेता टीम को शील्ड प्रदान किया गया, जिसके कप्तान गौरव राठी थे। समाज के युवा माधव राठी, लवेश चाण्डक को विशेष रूप से पुरस्कृत किया गया।
शोभायात्रा व लक्की ड्रा
रात्रि में भगवान महेश की शोभायात्रा बाबा रामदेव मंदिर से निकाली गई जिसमें समाज के सभी वर्ग के लोग शामिल होकर बाजा-गाजा की धुन पर आगे बढ़ रहे थे। जगह-जगह समाज जनों के द्वारा स्वागत किया गया। क्षेत्र के विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा अपने कार्यकर्ताओं के साथ गांधी चौक में भगवान महेश की शोभायात्रा का स्वागत वंदन कर समाज जनों को बधाई शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का संचालन प्रदीप्ति चाण्डक एवं संध्या चाण्डक ने किया तथा आभार माहेश्वरी युवा संगठन के अध्यक्ष श्याम राठी ने किया। समाज जनों का लक्की ड्रा निकाला गया जिसमें विजेता संतोष राठी, प्रतीक राठी, मान चाण्डक रहे।








