प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में स्थापित हुआ सुशासन : योगेश्वर राजू सिन्हा
जनसेवा ही उनके लंबे कार्यकाल का बना मजबूत आधार
महासमुन्द। बुधवार 10 जून 2026 को देश के लोकतंत्र के लिए एक ऐतिहासिक दिन रहा। हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने देश के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह केवल एक राजनीतिक उपलब्धि नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के विश्वास की विजय है। बता दें कि प्रधानमंत्री के तौर पर नरेंद्र मोदी का लगातार तीसरा कार्यकाल है। इसके साथ ही, उन्होंने 4399 दिनों तक प्रधानमंत्री पद पर रहकर सबसे लंबे कार्यकाल का रिकॉर्ड बनाया है।
इस अवसर पर महासमुन्द विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने प्रधानमंत्री को इस उपलब्धि के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देश एवं देशवासियों के प्रति समर्पण भाव प्रेरणादायी है। उन्होंने अपने 12 वर्ष के कार्यकाल में जनता की सेवा को ही अपना आधार बनाया। एक साधारण परिवार से निकलकर देश के सर्वोच्च लोकतांत्रिक पद तक पहुँचे मोदी जी आज भी गांव, गरीब, किसान और वंचित वर्ग की पीड़ा को उसी संवेदनशीलता से समझते हैं। यही कारण है कि वे केवल एक राजनीतिक नेता नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की आशा के प्रतीक बन चुके हैं। उनके नेतृत्व में अनेक लोक कल्याणकारी योजनाओं से लोग लाभान्वित हो रहे हैं। इन योजनाओं में प्रमुख रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना, जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, आयुष्मान भारत योजना, जल जीवन मिशन, किसान सम्मान निधि योजना, गरीब कल्याण अन्न योजना सहित स्वच्छ भारत अभियान जैसे देशव्यापी अभियान ने जनता का विश्वास बढ़ाया है। पिछले एक दशक में भाजपा का संगठनात्मक विस्तार अभूतपूर्व रहा है। आज देश के 22 राज्यों में भाजपा एवं उसके सहयोगी दलों की सरकारें हैं, 1700 से अधिक विधायक, लोकसभा में 240 सांसद और राज्यसभा में 113 सांसद करोड़ों देशवासियों के उस विश्वास का प्रतिनिधित्व करते हैं, जो प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व और भाजपा की विकासोन्मुखी राजनीति के प्रति निरंतर मजबूत हुआ है।
2014 में बने पहली बार प्रधानमंत्री
वर्ष 2014 में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी ने 282 सीटों के ऐतिहासिक जनादेश प्राप्त किया। 26 मई 2014 को जब श्री मोदी जी ने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली, तब स्पष्ट हो गया था कि यह केवल सरकार का नहीं, बल्किराष्ट्र के विचार का परिवर्तन है। यह राजनीति को सत्ता से सेवा की ओर ले जाने का संकल्प था। उनका कहना है कि गरीब का सम्मान और उसकी बुनियादी आवश्यकताओं की पूर्ति ही सुशासन का सबसे बड़ा आधार है।
विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं से करोड़ों देशवासी लाभान्वित
पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में विकास का लाभ सीधे अंतिम व्यक्ति तक पहुँचा है। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से देश के 60 करोड़ परिवारों को 5 लाख तक की स्वास्थ्य सुरक्षा मिली है, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 4 करोड़ से अधिक परिवारों को पक्के घर प्राप्त हुए हैं और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के जरिए 9.32 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 4 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे पहुँची है। विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय आंकलनों के अनुसार पिछले वर्षों में 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी से बाहर निकले हैं।
देश की अर्थव्यवस्था को मिली मजबूती
वर्ष 2014 में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने देश की बागडोर संभाली, तब भारत विश्व की 10वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था। आज, मात्र एक दशक के भीतर, भारत जापान को पीछे छोड़कर दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। यह परिवर्तन प्रधानमंत्री मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व, साहसिक आर्थिक सुधारों और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने वाली नीतियों का प्रतिफल है। आज भारत लगभग 4 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के रूप में विश्व मंच पर आत्मविश्वास के साथ खड़ा है और तेजी से 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। वैश्विक आर्थिक चुनौतियों और अनिश्चितताओं के बीच भी भारत दुनिया की सबसे तेज गति से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में बना हुआ है।
सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का विकास
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने भारत के विकास को केवल आर्थिक प्रगति तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे हमारी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से भी जोड़ा है। अयोध्या में भव्य श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम का पुनर्विकास, उज्जैन में महाकाल लोक का सृजन और चारधाम परियोजना जैसे कार्य केवल अधोसंरचना विकास नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक चेतना के पुनर्जागरण के प्रतीक हैं।
देश की सुरक्षा की दृष्टि से कई बड़े निर्णय
2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सुरक्षा की दृष्टि से काफी मजबूत हुआ। कश्मीर को धारा 370 के जाल से निकालकर भारतीय संविधान की मर्यादा में शामिल करने का ऐतिहासिक निर्णय श्री मोदी जी द्वारा असंभव को संभव करने का एक अद्भुत उदाहरण है। इसके साथ ही सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिन्दूर से आतंकवाद के विरुद्ध निर्णायक नीति ने दुनिया को यह संदेश दिया कि नया भारत अपनी सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करेगा। नरेंद्र मोदी ने सैनिकों के त्याग और समर्पण का सम्मान करते हुए सीमा पर जवानों के साथ दीपावली मनाकर यह संदेश दिया है कि देश की सुरक्षा में जुटा प्रत्येक जवान केवल सीमा का प्रहरी नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के विश्वास और सम्मान का प्रतीक है।
छत्तीसगढ़ में मोदी की गारंटी से हो रहा विकास
वर्ष 2023 में छत्तीसगढ़ में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा को जो जनादेश मिला उसमें मोदी जी के नेतृत्व का परिणाम दिखता है। मोदी की गारंटी पर विश्वास करते हुए प्रदेश की जनता ने भाजपा को प्रदेश की सत्ता सौंप दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य में भी सुशासन की सरकार चल रही है। प्रदेश के लाखों परिवारों को पक्का आवास मिला, गरीब परिवारों को मुफ्त अनाज योजना का लाभ मिल रहा है, उज्ज्वला योजना के तहत गैस सिलेंडर मिल रहा है, महतारी वंदन योजना के तहत माताओं एवं बहनों को आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। इसके अलावा दशकों से भारत माता की पीड़ा बने नक्सलवाद के लिए नरेंद्र मोदी जी के प्रभावी अभियानों ने ‘नक्सल मुक्त भारत’ के लक्ष्य को न सिर्फ साकार किया है बल्कि कभी नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम भी किया है। आज बस्तर के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास की धारा बह रही है। सड़क, बिजली, नेटवर्क, चिकित्सा, शिक्षा सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही है।








