एक माह से बिना थानेदार चल रहा पटेवा थाना! प्रशिक्षण केंद्र में बैठकर हो रहा संचालन : डॉ.चोपड़ा

0
16

एक माह से बिना थानेदार चल रहा पटेवा थाना! प्रशिक्षण केंद्र में बैठकर हो रहा संचालन : डॉ.चोपड़ा

एक माह से बिना थानेदार चल रहा पटेवा थाना ! प्रशिक्षण केंद्र में बैठकर हो रहा संचालन : डॉ. चोपड़ा

महासमुंद। जिले के पटेवा थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पर एक गंभीर संकट मंडरा रहा है। पूर्व विधायक एवं चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ. विमल चोपड़ा ने एक चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया है कि पटेवा थाना विगत एक महीने से बिना विधिवत थानेदार (टीआई) के संचालित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि थाने के टीआई सरकारी आदेश पर चंदखुरी पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण के लिए गए हैं, लेकिन उन्होंने नियमानुसार किसी को थाने का चार्ज नहीं दिया है और वहीं प्रशिक्षण केंद्र से ही बैठकर थाने का संचालन कर रहे हैं। डॉ. चोपड़ा ने इसे प्रशासन के नियमों की खुली अनदेखी और एक गंभीर लापरवाही करार दिया है।

विज्ञप्ति जारी करते हुए डॉ. विमल चोपड़ा ने कहा कि उन्हें सूत्रों से जानकारी मिली है कि टीआई प्रशिक्षण के लिए गए हैं, जिसकी संपूर्ण प्रक्रिया पूर्ण करके उन्हें यहां से रिलीज़ किया गया होगा। इसके बावजूद, उन्होंने किसी अधीनस्थ अधिकारी को थाने का चार्ज नहीं दिया।

डॉ. चोपड़ा ने जोर देकर कहा कि “इस प्रकार का लगभग यह पहला मामला है जो प्रदेश में होगा, कि कोई थानेदार विगत एक महीने से शासन के आदेश के बाद पुलिस प्रशिक्षण केन्द्र में गया है और उसने अपने थाने का चार्ज किसी को नहीं दिया और प्रशिक्षण केंद्र में रहकर थाने का संचालन कर रहा है।” उन्होंने इसे एक बड़ा गंभीर मामला बताया, जो अधिकारियों की घोर मनमानी को दर्शाता है।

डॉ. चोपड़ा ने बताया कि थानेदार की इस लापरवाही से क्षेत्र की आम जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि एक महीने से बिना टीआई के चल रहे इस थाना क्षेत्र में अनेक लापरवाहियाँ बरती गई हैं। आम जनता के द्वारा फोन लगाने या थाना जाने पर टीआई की अनुपस्थिति में कोई उचित जवाब नहीं मिल पाता है, जिसके कारण लोगों की परेशानियाँ बढ़ रही हैं और उन्हें निराशा हाथ लग रही है। डॉ. चोपड़ा ने आशंका जताई कि टीआई की गैर-मौजूदगी और इस प्रकार के अनौपचारिक संचालन के चलते पटेवा क्षेत्र में कभी भी कानून व्यवस्था का गंभीर संकट पैदा हो सकता है।

डॉ. विमल चोपड़ा ने इस पूरे प्रकरण को शासन की छवि धूमिल करने वाला बताया है। उन्होंने कहा कि वह इस प्रकार के थानेदार की लापरवाही और अधिकारियों की मनमानी की शिकायत शीघ्र ही प्रदेश के गृह मंत्री से मिलकर करेंगे। डॉ. चोपड़ा ने मांग की है कि पटेवा थाने में तुरंत एक पूर्णकालिक और जिम्मेदार टीआई की नियुक्ति की जाए और नियमों का उल्लंघन करने वाले वर्तमान थानेदार के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए।