महासमुंद। भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के जिला सह संयोजक देवेंद्र चंद्राकर ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद अवैध नशे के कारोबार पर सख्ती हुई है। अगस्त 2024 में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने नवा रायपुर में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) का कार्यालय शुरू किया था। उसके बाद से प्रदेश में नशे के खिलाफ एक मजबूत तंत्र खड़ा हुआ है और लगातार ऐसे खुलासे हो रहे हैं। जिनके तार कांग्रेस से जुड़े हुए पाए जा रहे हैं।
महासमुंद जिले में ऑपरेशन निश्चय अभियान के माध्यम से नशे के अवैध कारोबारियों पर पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई को नशे के खिलाफ एक सशक्त व प्रभावशाली कदम बताते हुए भाजपा नेता देवेंद्र चंद्राकर ने कहा कि जिले में इस अभियान से नशे के काले कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। पूर्ववर्ती कांग्रेस शासनकाल में कभी भी अवैध नशे के विरूद्ध कोई अभियान नहीं चलाया गया था। क्योंकि, कांग्रेस के लोग ही नशे के काले कारोबार में लिप्त रहे। बागबाहरा के एक कांग्रेस नेता के रिश्तेदार को पुलिस द्वारा की गई गिरफ्तारी इसका प्रमाण है। अब जब प्रदेश में सुशासन की सरकार है, तब इन अवैध व्यापारियों के विरूद्ध ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। नशे के कारोबार में लगातार कांग्रेस नेताओं और उनके परिवारों का नाम सामने आना यह साबित करता है कि कांग्रेस हमेशा नशीले पदार्थों के तस्करों के साथ खड़ी रही। कांग्रेस सरकार के पांच वर्षों में नशे का कारोबार फला-फूला और प्रदेश की युवा पीढ़ी को खोखला करता रहा।
देवेंद्र ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनते ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की गई है। प्रदेश में लगातार अभियान चलाकर बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ पकड़े जा रहे हैं। जिससे आम जन में एक सार्थक संदेश पहुँच रहा है कि भाजपा सरकार का लक्ष्य सिर्फ तस्करों पर शिकंजा कसना ही नहीं, बल्कि समाज को नशा मुक्त करना भी है। महासमुंद शहर ही नहीं जिले के हर नागरिक जानता है कि कांग्रेस के किन लोगों द्वारा जिले में नशे के काले कारोबार चलाया जा रहा है।








