एजिप्ट के शर्म अल शेख में गाजा पीस समिट के दौरान पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने डोनाल्ड ट्रंप की भर-भरकर तारीफ की। उन्होंने एक बार फिर ट्रंप के लिए नोबेल की मांग दोहराई। शरीफ ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने दुनियाभर में 8 युद्ध रुकवाए हैं और शांति के नोबेल के लिए उनसे अच्छा व्यक्ति कोई हो ही नहीं सकता है। वहीं जब डोनाल्ड ट्रंप शहबाज शरीफ के सामने ही भारत और पीएम मोदी की तारीफ करने लगे तो वह असहज हो गए। ट्रंप ने शहबाज शरीफ से ऐसा सवाल दाग दिया जो कि उनके घाव हरे कर गया।
शरीफ के बयान के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उनके शब्द बहुत अच्छे थे। उन्होंने कहा कि अब कहने के लिए कुछ बचा ही नहीं है, चलो घर निकल चलते हैं। वहीं ट्रंप ने भारत की तारीफ करते हुए कहा कि यह एक महान देश है और मेरा एक अच्छा दोस्त इसका नेतृत्व कर रहा है। इसके बाद ट्रंप ने शहबाज शरीफ की तरफ देखकर मुस्कुराते हुए कहा, मुझे विश्वास है कि भारत और पाकिस्तान अब साथ रहेंगे, है कि नहीं? डोनाल्ड ट्रंप का यह सवाल शहबाज शरीफ के जख्मों पर नमक छिड़कने वाला था। बता दें कि ट्रंप कई बार दावा कर चुके हैं कि उन्होंने ही भारत का ऑपरेशन सिंदूर रुकवाया था और भारत-पाक के बीच युद्ध की स्थिति खत्म की थी।
पाकिस्तान नतमस्तक होकर ट्रंप के इस दावे को स्वीकार करता है। वहीं भारत बार-बार कह चुका है कि यह द्विपक्षीय मामला था और किसी के दखल से भारत ने कोई फैसला नहीं किया है। भारतीय सेना बता चुकी है कि ऑपरेशन सिंदूर से घबराए पाकिस्तान को शांति के लिए गिड़गिड़ाना पड़ा था
ट्रंप ने 10 मई को सोशल मीडिया पर घोषणा की थी कि अमेरिका की मध्यस्थता से भारत और पाकिस्तान “पूर्ण और तत्काल” संघर्ष विराम पर सहमत हो गए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने दर्जनों बार अपना यह दावा दोहराया कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष का ‘समाधान’ करने में मदद की है। बता दें कि शरम अल शेख में गाजा पीस समिट में दुनियाभर के करीब एक दर्जन देशों के नेता शामिल हुए हैं। शहबाज शरीफ भी इस समिट में शामिल होने पहुंचे थे।








