छत्तीसगढ़ में 8 नक्सली गिरफ्तार, 3 पर घोषित था इतने लाख का इनाम; भारी मात्रा में विस्फोटक …

0
20

छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में रविवार को सुरक्षाबलों को उस वक्त बड़ी सफलता मिली, जब उन्होंने आठ नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें से तीन माओवादियों पर कुल मिलाकर तीन लाख रुपए का इनाम घोषित था। गिरफ्तार नक्सलियों से बड़ी मात्रा में विस्फोटक भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई को जिला रिजर्व गार्ड (DRG), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और स्थानीय पुलिस ने अंजाम दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गिरफ्तार माओवादियों में से एक की पहचान कोसा सोडी के रूप में हुई है, जो कि नेंद्रा रिवोल्यूशनरी पीपुल्स कमेटी (RPC) और CNM प्रमुख के रूप में सक्रिय था और उस पर दो लाख रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस ने बताया कि दो अन्य माओवादियों पर 50-50 हजार रुपए का इनाम था, जबकि छह अन्य निचले स्तर के कैडर थे। इन नक्सलियों को पुलिस द्वारा चलाए गए नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बासागुड़ा थाना क्षेत्र के पोलमपल्ली गांव के पास स्थित एक जंगली इलाके से गिरफ्तार किया गया।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुरक्षाकर्मियों ने उनके पास से एक IED, एक कुकर बम, एक टिफिन बम और मिट्टी खोदने के उपकरण बरामद किए हैं। साथ ही अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।