महासमुंद। आम आदमी पार्टी ने आज प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेन्द्र चन्द्राकर, प्रदेश संयुक्त सचिव संजय यादव, जिलाध्यक्ष राकेश झाबक,राजेश तिवारी और कादिर चौहान के नेतृत्व में अपर कलेक्टर रवि साहू को महासमुंद जिले में बदहाल सड़कों, गुणवत्ताहीन निर्माण कार्यों तथा विकास कार्यों में लगातार हो रही अनियमितताओं को लेकर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए ज्ञापन सौंपा। पार्टी का कहना है कि जिले में विकास कार्य भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और प्रशासनिक लापरवाही की भेंट चढ़ गए हैं, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।पार्टी के प्रदेश सचिव संजय यादव ने कहा कि महासमुंद शहर की बीटीआई रोड, गंजपारा रोड, तुमगांव रोड, एकता चौक सहित छिलपावन–बागबाहरा, बिरकोनी–बरबसपुर, बड़गांव, नवापारा, अछरीडीह, अछोली, जोबा, गढ़सिवनी–पीढ़ी, पटेवा–रायतुम, अमोदी और तुरेगा जैसी अनेक सड़कें बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। बरसात के कारण इन गड्ढों में पानी भर जाने से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है।प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेन्द्र चन्द्राकर ने विज्ञप्ति के माध्यम से कहा हाल ही में कलेक्टर द्वारा पांच ठेकेदारों को गुणवत्ताहीन निर्माण और समय पर कार्य पूर्ण नहीं करने के कारण नोटिस जारी किया जाना इस बात का प्रमाण है कि जिले के विकास कार्यों में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं। लेकिन केवल ठेकेदारों को नोटिस देना पर्याप्त नहीं है। जिन अधिकारियों की निगरानी में ये कार्य हुए, उनकी जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए।जिलाध्यक्ष राकेश झाबक ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्यों में कथित कमीशनखोरी, विभागीय मिलीभगत और प्रभावी निगरानी के अभाव के कारण घटिया निर्माण, अधूरे कार्य और सड़कें समय से पहले खराब हो रही हैं। यदि समय रहते गुणवत्ता की जांच और जवाबदेही तय की जाती, तो आज जनता को ऐसी समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ता।आम आदमी पार्टी की प्रमुख मांगें:1. जिले की सभी जर्जर एवं गड्ढायुक्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाए।2. गुणवत्ताहीन निर्माण कार्यों की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कर दोषी ठेकेदारों के साथ-साथ संबंधित अधिकारियों पर भी कार्रवाई की जाए।3. जिन निर्माण कार्यों में गुणवत्ता की कमी पाई गई है, उन्हें निर्धारित मानकों के अनुसार दोबारा कराया जाए।4. सड़क निर्माण एवं विकास कार्यों में पारदर्शी मॉनिटरिंग, गुणवत्ता परीक्षण और जवाबदेही की स्थायी व्यवस्था लागू की जाए।आम आदमी पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि जनता की सुरक्षा और विकास कार्यों में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो पार्टी जनता के साथ मिलकर व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।








