महासमुंद। जिले के अछोली ग्राम पंचायत क्षेत्र में स्थित शराब निर्माता कंपनी पिकाडली के खिलाफ स्थानीय मजदूरों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। कंपनी के गेट के सामने मजदूर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। इस बीच जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष मानिक साहू ने कंपनी प्रबंधन पर स्थानीय लोगों के रोजगार के अधिकार की अनदेखी करने का आरोप लगाया है।
मानिक साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि कंपनी प्रबंधन के श्री शुक्ला द्वारा मजदूरों से चर्चा के दौरान कथित तौर पर कहा गया कि यह सरकार की शराब बनाने वाली कंपनी है, कंपनी जिसे चाहेगी काम पर रखेगी और जिसे नहीं चाहेगी उसे काम पर नहीं रखा जाएगा। साथ ही स्थानीय लोगों को काम देना अनिवार्य नहीं होने की बात कही गई।
किसान कांग्रेस अध्यक्ष का आरोप है कि कंपनी द्वारा उत्तर प्रदेश और बिहार से मजदूरों को बुलाकर काम दिया जा रहा है, जबकि स्थानीय ग्रामीण रोजगार के लिए भटक रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस जमीन और क्षेत्र में उद्योग स्थापित हैं, वहां के लोगों को रोजगार में प्राथमिकता मिलना चाहिए।
मानिक साहू ने कहा कि रोजगार केवल नौकरी नहीं बल्कि स्थानीय परिवारों की आजीविका का सवाल है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय मजदूरों की अनदेखी कर बाहरी लोगों को रोजगार देना क्षेत्र के युवाओं के साथ अन्याय है।
उन्होंने चेतावनी दी है कि स्थानीय लोगों को रोजगार देने की मांग को लेकर किसान कांग्रेस अब सड़क से लेकर प्रशासन तक लड़ाई लड़ेगी और आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
वहीं मजदूरों का कहना है कि वे अपने अधिकारों और सम्मान के लिए संघर्ष कर रहे हैं। मामले में कंपनी प्रबंधन का पक्ष सामने आना बाकी है।








