महासमुंद। राशन कार्ड में नया नाम जोड़ने एवं नवीन राशन कार्ड बनाने के लिए सत्यापित जाति प्रमाण पत्र सहित विभिन्न दस्तावेजों की अनिवार्यता से आम नागरिकों को हो रही परेशानी को देखते हुए पार्षद धनेंद्र विक्की चंद्राकर ने प्रक्रिया के सरलीकरण की मांग की है। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को केवल आवश्यक एवं प्रासंगिक दस्तावेजों के आधार पर सुविधा मिलनी चाहिए तथा अनावश्यक कागजी औपचारिकताओं को कम किया जाना चाहिए। विशेषकर गरीब, मजदूर और जरूरतमंद परिवारों को दस्तावेज बनवाने के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसकी व्यवस्था हो। उन्होंने संबंधित विभाग से मांग की कि नाम जोड़ने एवं नए राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाया जाए, ताकि पात्र परिवारों को खाद्यान्न योजना का लाभ बिना अनावश्यक परेशानी के मिल सके।








