महासमुंद। मंगलवार को स्थानीय बचपन प्ले स्कूल के नन्हें बच्चे विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा को राखी बांधने पहुंचे। बच्चों ने विधायक की कलाई पर राखी बांधकर भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और विश्वास के पवित्र पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान विधायक ने भी बच्चों का स्नेहपूर्वक स्वागत करते हुए उन्हें आशीर्वाद दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य, बेहतर शिक्षा तथा सफलता की कामना की।इस अवसर पर विधायक ने बच्चों के साथ आत्मीय संवाद भी किया। विधायक ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, सम्मान, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है। रक्षाबंधन भारतीय संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है, जो हमें प्रेम, भाईचारे, सम्मान और एक-दूसरे की रक्षा एवं सहयोग का संदेश देता है। आगे कहा कि बच्चों का यह स्नेह और अपनापन उनके लिए सदैव विशेष रहेगा। बच्चों द्वारा बांधी गई यह राखी उनके लिए केवल एक धागा नहीं, बल्कि स्नेह, विश्वास और अपनत्व का प्रतीक है। बच्चों का यह स्नेह मन को भावुक करने वाला है। इस दौरान भाजपा नेता राम आश्रय यादव, दिनेश रूपरेला, अमित साहू, नईम खान उपस्थित थें।








